अंबिकापुर, 31 अक्टूबर। Ambikapur Road Accident: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 70 वर्षीय कारोबारी की जान चली गई। हादसा शुक्रवार शाम नेशनल हाईवे-43 पर अंबिकापुर-रायगढ़ मार्ग स्थित सीतापुर के सेंट्रल बैंक के पास हुआ। मृतक की पहचान त्रिलोक चंद गोयल के रूप में हुई है, जो निहारिका स्टोर्स नाम से थोक किराना दुकान का संचालन करते थे।
जानकारी के अनुसार, त्रिलोक चंद गोयल अपनी स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान सेंट्रल बैंक के पास उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। तभी वहां से गुजर रहे एक ट्रेलर के पहिए की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
आधे घंटे तक सड़क पर पड़ा रहा शव
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद करीब आधे घंटे तक शव सड़क पर पड़ा रहा, लेकिन इस दौरान मौके पर एंबुलेंस नहीं पहुंची।
इसके बाद पुलिसकर्मियों ने स्ट्रेचर की मदद से शव को उठाया और करीब 100 मीटर दूर तक ले गए। बाद में एक ऑटो के जरिए शव को अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस की व्यवस्था नहीं होने पर नाराजगी जताई।


