IGKV Paper Leak Case: IGKV पेपर लीक मामले में बड़ा खुलासा… प्रोफेसर समेत 6 गिरफ्तार

IGKV Paper Leak Case: IGKV पेपर लीक मामले में बड़ा खुलासा… प्रोफेसर समेत 6 गिरफ्तार

रायपुर, 22 अगस्त। IGKV Paper Leak Case: इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) के B.Sc. कृषि द्वितीय वर्ष की एंटोमोलॉजी परीक्षा के पेपर लीक मामले में पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में पेपर लीक का कनेक्शन दुर्ग के एक निजी कॉलेज से सामने आया है। मामले में कॉलेज के एक प्रोफेसर समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

WhatsApp के जरिए लीक हुआ था पेपर

पुलिस के मुताबिक, प्रश्नपत्र WhatsApp के जरिए लीक हुआ था। तकनीकी जांच, मोबाइल फोन और WhatsApp चैट के आधार पर पुलिस ने रायपुर, दुर्ग, कवर्धा, राजनांदगांव और बिलासपुर में छापेमारी की।

जांच के दौरान दुर्ग स्थित निजी कॉलेज का कनेक्शन सामने आया। पूछताछ में पता चला कि प्रश्नपत्र कॉलेज से बाहर निकलने के बाद WhatsApp ग्रुप के जरिए छात्रों तक पहुंचा।

पुलिस अब तक इस मामले में 16 से ज्यादा लोगों से पूछताछ कर चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों से भी पूछताछ जारी है।

परीक्षा से एक घंटे पहले वायरल हुआ था पेपर

दरअसल, 20 अगस्त को सुबह 10 बजे एंटोमोलॉजी की परीक्षा होनी थी। इससे करीब एक घंटे पहले सुबह 9 बजे प्रश्नपत्र वायरल होने की शिकायत मिली थी।

जांच में वायरल प्रश्नपत्र के करीब 70 प्रतिशत सवाल परीक्षा में आए प्रश्नपत्र से मिलते-जुलते पाए गए। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा को रद्द कर दिया था।

CM साय के निर्देश के बाद जांच तेज

मामले को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष और सख्त जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस की जांच लगातार आगे बढ़ रही है और पूछताछ के आधार पर मामले में और लोगों की भूमिका सामने आने की संभावना जताई जा रही है।

फिलहाल पुलिस पेपर लीक की पूरी कड़ी और इसमें शामिल अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।

राज्य खबर