CG News: काले कागज से बनाते थे नकली नोट… करोड़ों की ठगी करने वाला गिरोह गिरफ्तार

CG News: काले कागज से बनाते थे नकली नोट… करोड़ों की ठगी करने वाला गिरोह गिरफ्तार

रायपुर, 23 अगस्त। CG News: रायपुर पुलिस ने Black Currency के नाम पर ठगी करने वाले बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 4 करोड़ रुपए से ज्यादा नकदी, 17 मोबाइल फोन, नोट के आकार के काले कागज, कांच की प्लेटें और ठगी में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की गई है।

इस मामले में इससे पहले दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। सात और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इस केस में अब तक कुल 9 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।

पांच सितारा होटल और रिसॉर्ट में बनाते थे ठगी का अड्डा

पुलिस के मुताबिक, गिरोह ऐसे लोगों को अपना निशाना बनाता था, जिन्हें कम समय में पैसा दोगुना करने या बड़ी रकम कमाने का लालच दिया जाता था। आरोपी खुद को बड़े नेताओं और विदेशी निवेशकों से जुड़ा बताते थे। लोगों पर प्रभाव जमाने के लिए वे नेताओं और फिल्मी कलाकारों के साथ तस्वीरें भी दिखाते थे।

गिरोह के सदस्य पीड़ितों को बड़े शहरों के पांच सितारा होटल और रिसॉर्ट में बुलाते थे। वहां काले कागजों को केमिकल के जरिए असली नोट में बदलने का नकली प्रदर्शन किया जाता था। इसके बाद विदेशी केमिकल, परमिशन और दूसरी औपचारिकताओं के नाम पर पीड़ितों से लाखों-करोड़ों रुपए ऐंठ लिए जाते थे।

पुणे के रिसॉर्ट में चल रही थी करोड़ों की ठगी

तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को गिरोह के सात सदस्यों के पुणे में मौजूद होने की जानकारी मिली। करीब एक सप्ताह तक निगरानी रखने के बाद पुलिस ने खंडाला स्थित एक रिसॉर्ट में दबिश दी।

बताया गया कि आरोपी वाराणसी के एक व्यक्ति को रकम दोगुनी करने का झांसा देकर रिसॉर्ट में बुलाए हुए थे। पीड़ित करोड़ों रुपए लेकर वहां पहुंचा था और रकम आरोपियों को सौंप चुका था। इसी दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ लिया।

2005 से सक्रिय होने का दावा

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह वर्ष 2005 से सक्रिय है और देश के अलग-अलग हिस्सों में 100 से ज्यादा लोगों से अरबों रुपए की ठगी कर चुका है। छत्तीसगढ़ के अलावा नोएडा, पुणे, बड़ौदा, उदयपुर, दिल्ली समेत कई शहरों में इस तरह की वारदातों की जानकारी सामने आई है।

गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने जिन सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव उर्फ योगी, प्रवीण कुमार श्रीवास्तव उर्फ कैप्टन, मनोज कुमार श्रीवास्तव उर्फ बड़े सर, विवेक सिंह, शुभम पांडेय, योगेन्द्र चौहान और बालमुकुंद दीक्षित शामिल हैं।

पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क, ठगी की रकम और देशभर में इसके द्वारा की गई अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

राज्य खबर