मुंबई, 23 अगस्त। Mumbai News: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के भूलेश्वर इलाके में शनिवार रात गणेश प्रतिमा के आगमन जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। यहां 22 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा जय अंबे चौक के पास कबूतरखाना इलाके में हुआ।
जानकारी के मुताबिक, ‘भूलेश्वरचा राजा’ मित्र मंडल की गणेश प्रतिमा को जुलूस के जरिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान प्रतिमा का ढांचा अचानक गिर गया और उसके नीचे कई लोग दब गए। शुरुआती जांच में प्रतिमा के ढांचे में लगे कुछ नट-बोल्ट ढीले होने की बात सामने आई है।
हादसे में संकेत नेवशे (33) और बृजेश हेमंत जोशी (30) की मौत हुई है। वहीं घायलों में पांच और सात साल की दो बच्चियां भी शामिल हैं। घायलों को GT अस्पताल और JJ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, मुंबई फायर ब्रिगेड, BMC वार्ड स्टाफ और 108 एंबुलेंस सेवा की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गणेश प्रतिमा के आगमन जुलूस में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


