रंगपुर, 23 अगस्त। Bangladesh News: बांग्लादेश के रंगपुर शहर में एक हिंदू परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतकों में सेवानिवृत्त शिक्षक गणपति चक्रवर्ती (65), उनकी पत्नी प्रीतिलता, 23 वर्षीय बेटी आगामी और 12 वर्षीय बेटा प्रियम शामिल हैं। चारों के शव घर के अलग-अलग हिस्सों से बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात करीब 11:30 बजे दासपारा इलाके में बंद पड़े मकान से शव बरामद किए गए। परिवार के सदस्यों के मोबाइल फोन गुरुवार रात से बंद थे। परिजनों ने संपर्क नहीं होने पर घर पहुंचकर देखा तो मुख्य दरवाजा बंद था। इसके बाद पुलिस ने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया।
अलग-अलग जगहों से मिले शव
रंगपुर मेट्रोपॉलिटन CID के प्रभारी सुबीर चौधरी के अनुसार, गणपति चक्रवर्ती का शव छत पर मिला, जबकि उनकी पत्नी और बेटी के शव सीढ़ियों से बरामद किए गए। वहीं 12 वर्षीय बेटे का शव बिस्तर के नीचे मिला।
गणपति चक्रवर्ती पिछले साल रंगपुर जिला स्कूल से सेवानिवृत्त हुए थे। बताया गया है कि सेवानिवृत्ति के बाद वह होम्योपैथिक चिकित्सक के तौर पर भी काम कर रहे थे। उनकी बेटी ने इसी साल अंग्रेजी में स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की थी, जबकि बेटा कक्षा 5 में पढ़ता था।
गुरुवार से नहीं हो रहा था संपर्क
परिजनों के अनुसार, परिवार से आखिरी बार गुरुवार दोपहर बातचीत हुई थी। इसके बाद सभी के मोबाइल फोन बंद हो गए। शनिवार रात रिश्तेदार जब घर पहुंचे तो मकान बंद था और अंदर की लाइटें भी बंद थीं।
परिवार के लोगों ने किसी तरह की दुश्मनी या विवाद की जानकारी से इनकार किया है। फिलहाल पुलिस मौत की वजह और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। चारों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। मौत के कारण और घटना के पीछे की पूरी सच्चाई जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।


