Blue Water Accident: 4 दिन बाद मिला आदिल का शव… रेस्क्यू टीम ने निकाला

Blue Water Accident: 4 दिन बाद मिला आदिल का शव… रेस्क्यू टीम ने निकाला

रायपुर, 23 अगस्त। Blue Water Accident: नया रायपुर के नकटी गांव स्थित ब्लू वॉटर में डूबे 24 वर्षीय आदिल खान का शव करीब 77 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। शनिवार देर रात शव पानी की सतह पर दिखाई दिया, जिसके बाद सर्चिंग टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे बाहर निकाला। शव मिलने के बाद कई दिनों से इंतजार कर रहे परिजनों को बड़ी राहत मिली, हालांकि परिवार में मातम छा गया।

जानकारी के मुताबिक, मौदहापारा निवासी आदिल खान, पिता नासिर खान, बुधवार शाम अपने तीन दोस्तों के साथ ब्लू वॉटर घूमने पहुंचा था। इसी दौरान दोस्तों के बीच खदान के एक छोर से दूसरे छोर तक तैरकर जाने की शर्त लग गई। शर्त के बाद आदिल और उसका एक दोस्त पानी में कूद गए। दोस्त तो सुरक्षित बाहर निकल आया, लेकिन आदिल गहरे पानी की ओर चला गया और डूब गया।

घटना की सूचना मिलते ही SDRF और NDRF की टीमों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। लगातार चार दिनों तक अभियान चलाया गया, लेकिन पानी की अधिक गहराई के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। जिला प्रशासन की टीम भी लगातार युवक की तलाश में जुटी रही।

शनिवार देर रात अचानक आदिल का शव पानी के ऊपर दिखाई दिया। सूचना मिलते ही सर्चिंग टीम मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकाला। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

दोस्तों के साथ घूमने निकला आदिल शर्त के चलते गहरे पानी में चला गया और उसकी जान चली गई।

Breaking News