रायपुर, 13 सितम्बर। Weather News: छत्तीसगढ़ में शनिवार को मौसम का मिजाज कई बार बदला। कहीं घने बादल छाए रहे तो कहीं रुक-रुककर बारिश होती रही। बस्तर में सक्रिय मौसम सिस्टम का असर रायपुर और दुर्ग संभाग तक भी देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। हालांकि सोमवार के बाद मानसूनी गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग में बारिश के आसार हैं। मौजूदा मानसूनी सिस्टम आगे बढ़ रहा है, जिसके चलते सोमवार के बाद बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ सकती हैं। फिलहाल मानसून द्रोणिका सामान्य स्थिति में बनी हुई है, इसलिए प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
धनोरा में 140 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। कोंडागांव के धनोरा में 140 मिमी और बस्तर में 100 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। वहीं माकड़ी, भानपुरी, अंबागढ़ चौकी और छुरा में 80-80 मिमी बारिश हुई। फरसगांव, मोहला, बालोद, चारामा, बस्तानार और गादीरास समेत कई क्षेत्रों में करीब 70-70 मिमी बारिश दर्ज की गई।
राजधानी रायपुर में शनिवार शाम साढ़े पांच बजे तक करीब 2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। दिन में कुछ समय के लिए मौसम साफ रहने के बाद अचानक घने बादल छा गए और कई इलाकों में रिमझिम से तेज बारिश हुई।
सितंबर में अब तक 84 मिमी बारिश
सितंबर के 12 दिनों में प्रदेश में दो मौसम सिस्टम सक्रिय हुए हैं। इनके प्रभाव से अब तक छत्तीसगढ़ में करीब 84 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि रायपुर जिले में 97.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई है। मौजूदा सिस्टम का सबसे ज्यादा असर बस्तर क्षेत्र में देखने को मिला है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में मानसूनी गतिविधियां धीरे-धीरे कमजोर हो सकती हैं। हालांकि मानसून द्रोणिका सामान्य स्थिति में होने के कारण बारिश पूरी तरह थमने की संभावना फिलहाल नहीं है। पिछले साल सितंबर में रायपुर जिले में 284 मिमी बारिश हुई थी और इस बार भी बारिश का आंकड़ा इसके आसपास पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।


