रायपुर, 18 सितम्बर। Raipur News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने निवास पर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ, सुदीर्घ और यशस्वी जीवन की मंगलकामना करते हुए जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष राष्ट्र और जनसेवा को समर्पित किए हैं। गरीब कल्याण, सुशासन, अंत्योदय, आत्मनिर्भर भारत और आधुनिक भारत के निर्माण की दिशा में उनकी यात्रा देशवासियों के लिए प्रेरणादायक है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर छत्तीसगढ़ समेत देशभर में सेवा और जनभागीदारी का भाव दिखाई दे रहा है। ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रदेशवासियों के स्नेह, विश्वास और शुभकामनाओं का प्रतीक है।
सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ विकसित भारत के निर्माण में पूरी प्रतिबद्धता के साथ अपनी भूमिका निभा रहा है। सरकार का संकल्प है कि विकास की रोशनी प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और गांव, गरीब, किसान, महिला, युवा तथा जनजातीय समाज की आकांक्षाएं विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की ताकत बनें।


