Radha Ashtami: रायपुर में श्रद्धा और उत्साह से मनाई गई राधाष्टमी… मंदिरों में हुए विशेष आयोजन

Radha Ashtami: रायपुर में श्रद्धा और उत्साह से मनाई गई राधाष्टमी… मंदिरों में हुए विशेष आयोजन

रायपुर, 20 सितम्बर। Radha Ashtami: शहर में शनिवार को राधाष्टमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। टाटीबंध स्थित इस्कॉन मंदिर, समता कॉलोनी के राधा-कृष्ण मंदिर और बुद्धेश्वर चौक स्थित श्री संकट मोचन वीर हनुमान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन, आरती और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवार के साथ मंदिर पहुंचे और राधारानी के दर्शन किए।

इस्कॉन मंदिर में सुबह से हुए आयोजन

टाटीबंध स्थित श्री श्री राधा रासबिहारी जी मंदिर (इस्कॉन) में सुबह 4:30 बजे मंगल आरती के साथ राधाष्टमी समारोह की शुरुआत हुई। इसके बाद गुरु पूजा और श्रृंगार दर्शन हुए। सुबह 9 से 10 बजे तक राधारानी की बाल लीलाओं का गुणगान किया गया। सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक हरिनाम कीर्तन हुआ।

सुबह 11:30 से दोपहर 12:30 बजे तक राधारानी का महाभिषेक किया गया। इसके बाद मंदिर में छप्पन भोग लगाया गया और राजभोग आरती हुई। श्रद्धालुओं को महाप्रसाद का वितरण भी किया गया। शाम को संध्या आरती और रात में शयन आरती हुई।

राधारानी के चरण दर्शन और विशेष कीर्तन मेला आयोजन के प्रमुख आकर्षण रहे। भक्तों ने भजन-कीर्तन में शामिल होकर राधाष्टमी का पर्व मनाया।

समता कॉलोनी में भी विशेष पूजा-अर्चना

समता कॉलोनी स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में सुबह भजन-कीर्तन के साथ कार्यक्रम शुरू हुआ। दोपहर 12 बजे भगवान राधा-कृष्ण का विशेष श्रृंगार, आरती और छप्पन भोग लगाया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

मंदिर समिति के पदाधिकारियों और महिला मंडल की सदस्यों ने आयोजन की व्यवस्था संभाली। बड़ी संख्या में भक्तों ने पूजा-अर्चना, आरती और प्रसादी में हिस्सा लिया।

हनुमान मंदिर में सुंदरकांड पाठ

बुद्धेश्वर चौक के सामने स्थित श्री संकट मोचन वीर हनुमान मंदिर में भी राधाष्टमी के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ। पाठ के बाद भक्तों को बूंदी का प्रसाद वितरित किया गया।

आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए और राधारानी के दर्शन किए। मंदिर समिति ने सभी भक्तों के सुख-समृद्धि की कामना करते हुए श्री संकट मोचन हनुमान जी से आशीर्वाद की प्रार्थना की।

Religion