रायपुर, 26 सितंबर। Jhiram Ghati Case: झीरम घाटी मामले में NIA की विशेष अदालत के फैसले के बाद कांग्रेस ने आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर दिल्ली में बैठक की। कांग्रेस नेताओं, शहीदों के परिजनों और घायलों के प्रतिनिधिमंडल ने राहुल गांधी से मुलाकात कर मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
NIA की विशेष अदालत ने 5 सितंबर को 10 आरोपियों को दोषी ठहराया था और 16 सितंबर को सभी 10 दोषियों को मौत की सजा सुनाई।
बैठक के बाद टीएस सिंहदेव ने कहा कि राहुल गांधी के सामने झीरम मामले से जुड़े कई तथ्य रखे गए। सिंहदेव ने दावा किया कि सजा पाने वाले लोग मुख्य रूप से जमीनी स्तर पर कार्रवाई में शामिल थे, जबकि जिन बड़े नामों की भूमिका पर सवाल उठते रहे हैं, उन पर कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कथित राजनीतिक षड्यंत्र के पहलू की NIA जांच में पूरी तरह पड़ताल नहीं हुई। सिंहदेव के मुताबिक, आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कानूनी राय लेने में सहयोग मांगा गया है।
वही 10 दोषियों को सुनाई गई मौत की सजा की हाईकोर्ट से पुष्टि की कानूनी प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। मौत की सजा को लागू करने से पहले छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की पुष्टि जरूरी है।


