CG Investment: सिंगापुर में CM साय ने की अहम बैठक… छत्तीसगढ़ में निवेश पर जोर

CG Investment: सिंगापुर में CM साय ने की अहम बैठक… छत्तीसगढ़ में निवेश पर जोर

रायपुर, 5 अक्टूबर। CG Investment: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधिमंडल सिंगापुर दौरे पर है। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन के बाद सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन (SBF) द्वारा आयोजित प्रथम ‘सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026’ में प्रतिनिधिमंडल हिस्सा ले रहा है।

सिंगापुर प्रवास के पहले दिन मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल के साथ विश्व प्रसिद्ध ‘गार्डन्स बाय द बे’ के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान जनरल मैनेजर एवं मास्टर प्लानिंग जेसन येओ और डायरेक्टर लिम चियाप सॉन्ग सहित अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को संस्थान की मास्टर प्लानिंग, सतत डिजाइन और उद्यान प्रबंधन से जुड़ी कार्यप्रणालियों की जानकारी दी।

बैठक में उद्यानिकी, वनस्पति संरक्षण, शहरी हरियाली, ईको-टूरिज्म और क्षमता विकास के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ समृद्ध वन और जैव विविधता वाला प्रदेश है। गार्डन्स बाय द बे के अनुभवों का लाभ नवा रायपुर में प्रस्तावित बॉटनिकल गार्डन के विकास के साथ-साथ प्रदेश में बेहतर लैंडस्केपिंग और हरित क्षेत्रों के विस्तार में लिया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे छत्तीसगढ़ में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

SBF के लीडरशिप डिनर में शामिल हुए CM साय

मुख्यमंत्री साय SING फोरम की पूर्व संध्या पर सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित लीडरशिप डिनर में भी शामिल हुए। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले, सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के चेयरमैन मार्क ली और सीईओ कोक पिंग सून मौजूद रहे।

डिनर में मास्टरकार्ड, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, नेस्ले और द इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड सहित कई कंपनियों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। छत्तीसगढ़ के 7 सदस्यीय और हरियाणा के 26 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ को तेजी से उभरते निवेश गंतव्य के रूप में पेश किया। उन्होंने प्रदेश की औद्योगिक नीति, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में किए गए सुधारों और एमएसएमई, स्टार्टअप व मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने सिंगापुर के उद्योग जगत को ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण में भागीदार बनने और प्रदेश में निवेश के अवसरों का लाभ उठाने के लिए आमंत्रित किया।

मुख्यमंत्री साय 5 अक्टूबर को SING फोरम 2026 में शामिल होंगे। इसके बाद 6 अक्टूबर को CEO राउंडटेबल में सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष अधिकारियों के साथ छत्तीसगढ़ में निवेश और आर्थिक साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।

International