सिंगापुर, 05 अक्टूबर। CM Sai Singapore Visit: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर दौरे के दूसरे दिन SING FORUM के मंच पर उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ की औद्योगिक क्षमता, प्राकृतिक संसाधनों और निवेश की संभावनाओं की जानकारी देते हुए उद्योगपतियों को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब केवल खनिज और पारंपरिक उद्योगों तक सीमित नहीं है। राज्य तकनीक, नवाचार और वैश्विक निवेश के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार आधुनिक तकनीक और प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग के जरिए छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख औद्योगिक और निवेश केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि सिंगापुर की तकनीकी दक्षता और शहरी विकास का अनुभव छत्तीसगढ़ की औद्योगिक क्षमता के साथ मिलकर विकास की नई संभावनाएं पैदा कर सकता है। राज्य सरकार निवेशकों को अनुकूल नीतियां और जरूरी सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में टेक्नोलॉजी एवं प्रोफेशनल कैपेबिलिटी सेंटर, लॉजिस्टिक्स, ग्रीन एनर्जी, औद्योगिक अधोसंरचना और शहरी विकास जैसे क्षेत्रों में संभावित सहयोग पर चर्चा हुई।
साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और सिंगापुर के बीच साझेदारी से निवेश बढ़ने के साथ रोजगार, कौशल विकास और नई तकनीक के हस्तांतरण को भी बढ़ावा मिल सकता है।


