Bilaspur News: महिला कांग्रेस बैठक में सरकार पर निशाना… किसान-युवा और महिला मुद्दों पर मंथन

Bilaspur News: महिला कांग्रेस बैठक में सरकार पर निशाना… किसान-युवा और महिला मुद्दों पर मंथन

बिलासपुर, 05 अक्टूबर। Bilaspur News: महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष संगीता सिन्हा के बिलासपुर दौरे के दौरान महिला कांग्रेस की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत करने, जिलाध्यक्ष की नियुक्ति और आगामी रणनीति को लेकर चर्चा हुई। इसके साथ ही किसानों, बेरोजगार युवाओं, महिलाओं और बढ़ती महंगाई से जुड़े मुद्दों पर भी मंथन किया गया।

बैठक में महिला कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी सरकार पर जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। नेताओं ने कहा कि किसान परेशान हैं, बेरोजगार युवा नौकरी के लिए भटक रहे हैं और महिलाएं महंगाई की मार झेल रही हैं। शक्कर, खाद्य तेल, पेट्रोल-डीजल और कमर्शियल सिलेंडर के बढ़ते दामों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा गया।

वहीं, SIR के मुद्दे को लेकर भी आगामी रणनीति पर चर्चा हुई। महिला कांग्रेस ने जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन और जनसंपर्क अभियान चलाने की बात कही। नेताओं ने कहा कि महिलाओं को अपने मुद्दों को लेकर आगे आना होगा और जनता की आवाज को मजबूती से उठाना होगा।

प्रदेश अध्यक्ष संगीता सिन्हा ने प्रधानमंत्री के सेवा संकल्प अभियान पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि अभियान के तहत जनता से आवेदन तो लिए जा रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। तेल के दीये जलाने के अभियान पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि सरकार यदि इन्हीं संसाधनों का इस्तेमाल बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने में करे, तो जनता को ज्यादा फायदा होगा।

महिला कांग्रेस ने किसानों, युवाओं, महिलाओं और महंगाई जैसे मुद्दों को लेकर आने वाले दिनों में आंदोलन और जनसंपर्क के जरिए सरकार के खिलाफ आवाज उठाने की रणनीति बनाने की बात कही।

News and Politics