CG Cattle Smuggling: मवेशियों से भरी दो पिकअप पकड़ी गईं… 12 जिंदा बरामद

CG Cattle Smuggling: मवेशियों से भरी दो पिकअप पकड़ी गईं… 12 जिंदा बरामद

धमतरी, 06 अक्टूबर। CG Cattle Smuggling: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पशु तस्करी का मामला सामने आया है। मगरलोड थाना क्षेत्र के डाभा-दोनर मार्ग पर पुलिस ने दो पिकअप वाहनों से 12 मवेशियों को बरामद किया है। इनमें एक मवेशी मृत मिला। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है, जबकि कथित तस्कर मौके से फरार बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, ग्रामीणों ने सड़क किनारे मवेशियों से भरी एक पिकअप को पलटा हुआ देखा। वहीं कुछ दूरी पर दूसरी पिकअप खड़ी मिली, जिसमें भी मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल मगरलोड थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाने लाया गया। जांच के दौरान दोनों पिकअप से कुल 12 मवेशी जीवित बरामद हुए, जबकि एक मवेशी मृत अवस्था में मिला। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि वाहन पलटने के दौरान उसकी मौत हुई होगी।

पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर अज्ञात पशु तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मौके से फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि मवेशियों को कहां से लाया गया था और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था।

घटना के बाद इलाके में पशु तस्करी को लेकर फिर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Breaking News