Balod Acid Attack: बालोद में छात्रा पर एसिड अटैक… दो आरोपी गिरफ्तार

Balod Acid Attack: बालोद में छात्रा पर एसिड अटैक… दो आरोपी गिरफ्तार

बालोद, 06 अक्टूबर। Balod Acid Attack: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में 22 वर्षीय छात्रा पर एसिड अटैक का मामला सामने आया है। आमापारा इलाके में ई-लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही छात्रा पर पीछे से आए युवक ने तेजाब फेंक दिया। घटना में छात्रा के चेहरे, हाथ और आंख के आसपास का हिस्सा झुलस गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में रायपुर रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, छात्रा रोज की तरह ई-लाइब्रेरी से पढ़ाई करने के बाद पैदल अपने घर लौट रही थी। आमापारा के पास सुनसान मोड़ पर पीछे से आए युवक ने अचानक उस पर तेजाब फेंक दिया। घटना के बाद छात्रा ने किसी तरह राहगीरों से मदद मांगी। उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर भेज दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आमापारा सहित शहर के प्रवेश और निकास मार्गों पर नाकेबंदी कर दी। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और साइबर सेल समेत अलग-अलग टीमों को जांच में लगाया। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की है।

पुलिस की शुरुआती जांच में एकतरफा प्रेम का एंगल सामने आया है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता हवलदार (वाहन चालक) की बेटी है और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही है। उसने समाजशास्त्र से एमए किया है। ASP चंद्रकांत गवर्ना ने बताया कि छात्रा का रायपुर में इलाज चल रहा है।

क्राइम न्यूज