India Zimbabwe Match: छत्तीसगढ़ में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला टी-20 मैच… महिलाओं को मिलेगी फ्री एंट्री

India Zimbabwe Match: छत्तीसगढ़ में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला टी-20 मैच… महिलाओं को मिलेगी फ्री एंट्री

रायपुर, 15 अक्टूबर। India Zimbabwe Match: छत्तीसगढ़ में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला टी-20 क्रिकेट मुकाबले का आयोजन होने जा रहा है। भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच होने वाले इस मैच को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खुशी जताई है। खास बात यह है कि मुकाबला देखने आने वाली सभी महिला दर्शकों को स्टेडियम में निःशुल्क प्रवेश मिलेगा।

सीएम साय के सुझाव पर महिलाओं को मिलेगी मुफ्त एंट्री

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मंत्रालय महानदी भवन में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने मुलाकात कर मैच में शामिल होने का आमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने महिला दर्शकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए मुफ्त प्रवेश का सुझाव दिया, जिसे क्रिकेट संघ ने स्वीकार कर लिया।

बेटियों और युवा खिलाड़ियों को मिलेगी प्रेरणा

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला खिलाड़ियों को मैदान पर खेलते देखना प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक होगा। इससे उन्हें क्रिकेट को करियर के रूप में अपनाने और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। गांवों, कस्बों और दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराकर आगे बढ़ाना सरकार का लक्ष्य है।

महिला क्रिकेट की लोकप्रियता बढ़ने की उम्मीद

मुख्यमंत्री साय ने भरोसा जताया कि इस मुकाबले से प्रदेश में महिला क्रिकेट की लोकप्रियता बढ़ेगी। उन्होंने प्रदेशवासियों और खेलप्रेमियों से मैच को उत्सव की तरह मनाने और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की।

स्पोर्ट