रायपुर, 14 अक्टूबर। CG Breaking: छत्तीसगढ़ कैडर के 2014 बैच के IAS अधिकारी एस. जयवर्धन को केंद्र सरकार में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें दिल्ली स्थित केंद्रीय गृह मंत्रालय में उप सचिव नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति केंद्रीय स्टाफिंग योजना के तहत की गई है। इस संबंध में भारत सरकार ने छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव को निर्देश जारी किए हैं।
चार साल के लिए हुई नियुक्ति
जारी आदेश के अनुसार, एस. जयवर्धन की नियुक्ति पदभार ग्रहण करने की तारीख से चार साल या अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी। केंद्र सरकार ने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि उन्हें उनके वर्तमान दायित्वों से तत्काल मुक्त किया जाए, ताकि वे केंद्र में अपनी नई जिम्मेदारी संभाल सकें।
तीन सप्ताह के भीतर संभालना होगा पदभार
नियुक्ति संबंधी निर्देशों के मुताबिक, एस. जयवर्धन को कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) का नियुक्ति आदेश जारी होने की तारीख से तीन सप्ताह के भीतर नया पदभार ग्रहण करना होगा। निर्धारित समयसीमा में पदभार ग्रहण नहीं करने पर केंद्रीय स्टाफिंग योजना के तहत उन्हें अयोग्य घोषित करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।
एस. जयवर्धन की इस नियुक्ति के साथ छत्तीसगढ़ कैडर के एक और IAS अधिकारी को केंद्र सरकार में काम करने का अवसर मिला है। अब वे केंद्रीय गृह मंत्रालय में उप सचिव के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे।


