उज्जैन, 19 अक्टूबर। Mahakal Temple: दशहरे के अवसर पर 20 अक्टूबर को बाबा महाकाल की पारंपरिक सवारी निकाली जाएगी। साल में एक बार निकलने वाली इस विशेष सवारी में भगवान महाकाल चांदी की पालकी में विराजित होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए दशहरा मैदान पहुंचेंगे। यहां परंपरा के अनुसार शमी वृक्ष का पूजन किया जाएगा। आयोजन को भव्य बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।
जानकारी के मुताबिक, शाम 4 बजे श्री महाकालेश्वर मंदिर में पूजन-अर्चन के बाद सवारी रवाना होगी। इस बार सवारी मार्ग पर करीब एक लाख वर्गफीट क्षेत्र में रंगोली बनाई जाएगी। वहीं, ड्रोन के जरिए पालकी पर 500 किलो फूलों की वर्षा की जाएगी।
पुलिस बल देगा सलामी, भजन मंडलियां और जनजातीय दल देंगे प्रस्तुति
सवारी रवाना होने से पहले मंदिर के सभा मंडप में पूजन किया जाएगा। मंदिर परिसर के बाहर सशस्त्र पुलिस बल के जवान भगवान महाकाल को सलामी देंगे। सवारी में पुलिस बैंड, घुड़सवार दल, मंदिर के पंडे-पुजारी, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
आयोजन में जनजातीय लोकनृत्य दल, 10 भजन मंडलियां और 300 वैदिक बटुक भी हिस्सा लेंगे। वैदिक बटुक मंत्रोच्चार करेंगे। इसके अलावा पांच एलईडी रथों के माध्यम से सवारी का प्रसारण किया जाएगा। रजत ढोल वादन, तोपची कड़ाबीन, भारत स्काउट-गाइड, कांग्रेस सेवादल और मार्ग उद्घोषक भी आयोजन का हिस्सा रहेंगे। सवारी के दौरान लाइव पेंटिंग भी की जाएगी।
दशहरा मैदान में होगा शमी वृक्ष का पूजन
बाबा महाकाल की सवारी महाकाल मंदिर से निकलकर गुदरी चौराहा, पटनी बाजार, गोपाल मंदिर, सराफा, सती गेट, नई सड़क, दौलतगंज, मालीपुरा, देवासगेट, चामुंडा चौराहा, टावर मार्ग, शहीद पार्क, घास मंडी चौराहा, माधवनगर अस्पताल, पुलिस कंट्रोल रूम और एलआईसी ऑफिस होते हुए दशहरा मैदान पहुंचेगी।
दशहरा मैदान में भगवान मनमहेश का स्वागत और पूजन किया जाएगा। इसके बाद परंपरा के अनुसार शमी वृक्ष की पूजा होगी। धार्मिक अनुष्ठान पूरा होने के बाद सवारी वापसी के लिए रवाना होगी।
इन मार्गों से लौटेगी बाबा महाकाल की सवारी
वापसी में सवारी दशहरा मैदान से श्री गंगा होटल मार्ग, देवास रोड, तीन बत्ती चौराहा, माधव क्लब रोड, धन्नालाल की चाल, लोक निर्माण विभाग कार्यालय, फ्रीगंज ओवरब्रिज, संख्याराजे धर्मशाला, देवासगेट, मालीपुरा, दौलतगंज चौराहा, इंदौर गेट, गदापुलिया, हरिफाटक ब्रिज, बेगमबाग और कोट मोहल्ला चौराहा होते हुए महाकाल मंदिर पहुंचेगी।
जगह-जगह बनाए जाएंगे स्वागत मंच
बाबा महाकाल की यह विशेष सवारी साल में एक बार दशहरा मैदान जाती है। इसे लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। फ्रीगंज ओवरब्रिज, टावर चौक, मालीपुरा और आसपास के क्षेत्रों में व्यापारी व रहवासी स्वागत की तैयारियों में जुटे हैं। सवारी मार्ग पर जगह-जगह स्वागत मंच लगाए जाएंगे, जहां श्रद्धालु भगवान महाकाल के दर्शन कर सकेंगे।


