ग्रेटर नोएडा, 17 अक्टूबर। Horrific Incident: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र स्थित नगला श्री पदम गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत का मामला सामने आया है। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। परिवार की मौत के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती जानकारी में शुक्रवार रात नूडल्स खाने की बात सामने आई है, जिसके बाद फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी मौतों के वास्तविक कारण की पुष्टि नहीं की है।
पति-पत्नी और तीन बच्चों की मौत
डीसीपी ग्रेटर नोएडा श्रवण कुमार सिंह के अनुसार, शनिवार सुबह रबूपुरा थाना पुलिस को एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत की सूचना मिली। इसके बाद स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस के साथ खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को भी बुलाया गया।
मृतकों की पहचान महेश (37), उनकी पत्नी ललिता (35), बेटे लड्डू (11), बेटी मिष्टी (7) और तीन वर्षीय बेटे साक्षात के रूप में हुई है। सभी नगला श्री पदम गांव के निवासी थे।
रात में नूडल्स खाने की बात आई सामने
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आसपास के लोगों और महेश की मां ने बताया कि परिवार ने शुक्रवार रात नूडल्स खाए थे। इसके बाद पांचों की मौत हो गई। इस घटनाक्रम के आधार पर खाद्य विषाक्तता की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, नूडल्स खाने और मौतों के बीच संबंध की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
खाद्य सुरक्षा और फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीमों ने खाद्य पदार्थों के नमूने और अन्य जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।
जांच रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मौतों का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और खाद्य पदार्थों के नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


