TV Actor Anuj Thakur Death: टीवी एक्टर अनुज ठाकुर का 33 साल की उम्र में निधन

TV Actor Anuj Thakur Death: टीवी एक्टर अनुज ठाकुर का 33 साल की उम्र में निधन

मुंबई, 02 नवम्बर। TV Actor Anuj Thakur Death: टीवी इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर धारावाहिकों में नजर आ चुके अभिनेता अनुज ठाकुर का 33 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनके अचानक चले जाने की खबर से टीवी जगत और उनके प्रशंसकों में शोक है।

अनुज ठाकुर ‘बंधन सात जन्मों का’ समेत कई टीवी धारावाहिकों में काम कर चुके थे। उनके दोस्त और टीवी इंडस्ट्री के कास्टिंग डायरेक्टर रूपेश सोनर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उनके निधन की जानकारी दी।

रूपेश ने इंस्टाग्राम पर भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि उन्हें अब भी यकीन नहीं हो रहा कि अनुज उनके बीच नहीं रहे। उन्होंने अनुज को अपना दोस्त ही नहीं, बल्कि छोटे भाई जैसा बताया। रूपेश ने लिखा कि उन्होंने साथ मिलकर कई प्रोजेक्ट्स की योजना बनाई थी। वह अनुज के शुरुआती संघर्षों से लेकर उनके पूरे सफर के गवाह रहे थे।

नींद में दौरा आने की बात आई सामने

‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ को दिए इंटरव्यू में रूपेश सोनर ने अनुज की मौत से जुड़ी जानकारी साझा की। उनके मुताबिक, करीब तीन दिन पहले अनुज का निधन हुआ था। वह उनके घर पहुंचे और परिवार से मुलाकात की। इस दौरान उन्हें पता चला कि अनुज को सुबह करीब 4:30 बजे नींद में दौरा आया था। उस समय फोन का अलार्म बजने पर उनकी मां उन्हें जगाने पहुंचीं, लेकिन वह नहीं उठे।

फिलहाल, निधन के कारण को लेकर सामने आई यह जानकारी उनके दोस्त के बयान पर आधारित है। अनुज के अचानक निधन से उनके चाहने वाले और टीवी इंडस्ट्री के लोग दुखी हैं।

Breaking News