रायपुर, 04 नवम्बर। Amit Jogi Video Controversy: छत्तीसगढ़ की राजनीति में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी के एक सोशल मीडिया वीडियो को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो के खिलाफ भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। भाजपा नेताओं ने रायपुर के सिविल लाइंस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और मामले में FIR दर्ज करने की मांग की है।
पीएम मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर बनाया था वीडियो
दरअसल, अमित जोगी ने कथित वोट चोरी के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को निशाने पर लेते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। वीडियो में दोनों के मुखौटे पहने किरदारों के जरिए सांकेतिक शादी और हनीमून के दृश्य दिखाए गए थे। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी आलोचना शुरू हो गई और राजनीतिक विवाद बढ़ गया।
अमित जोगी ने वीडियो हटाकर मांगी माफी
विवाद बढ़ने के बाद अमित जोगी ने वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया। उन्होंने स्वीकार किया कि अपनी बात रखने का तरीका सही नहीं था। जोगी ने कहा कि किसी के निजी रिश्ते या निजी स्पेस को व्यंग्य का हिस्सा बनाना ऐसी सीमा है, जिसे वे पार नहीं करना चाहते। उन्होंने वीडियो से आहत लोगों से माफी भी मांगी।
राजेश मूणत ने की कार्रवाई की मांग
वहीं, भाजपा विधायक राजेश मूणत ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर बनाए गए इस वीडियो से पार्टी कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। उन्होंने वीडियो की पटकथा लिखने वालों, कैमरामैन और इसमें शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा ने दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम
भाजपा नेताओं ने पुलिस प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की है।


