रायपुर, 04 नवम्बर। Chhattisgarh Politics: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। विजय शर्मा ने राहुल गांधी को जवाबी चुनौती देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री से बात करने की कल्पना करने के बजाय राहुल गांधी पहले उनसे बहस कर लें। उन्होंने SIR और नक्सलवाद जैसे मुद्दों पर खुली बहस की चुनौती दी है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी बहस के लिए स्थान और समय खुद तय कर सकते हैं। यदि वे SIR के मुद्दे पर चर्चा करना चाहते हैं तो वे दिल्ली आने के लिए भी तैयार हैं। शर्मा ने कहा कि वे किसी भी मंच पर इन मुद्दों पर चर्चा करने को तैयार हैं।
राहुल गांधी पर कसा तंज
राहुल गांधी के बहस के प्रस्ताव पर तंज कसते हुए विजय शर्मा ने कहा कि सड़क पर गुलाब लेकर आने और इस तरह बहस की बात करना बचपना है। उन्होंने सवाल उठाया कि राहुल गांधी आखिर बड़े कब होंगे।
नक्सलवाद और झीरम घाटी का मुद्दा उठाया
विजय शर्मा ने नक्सलवाद का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस के कुछ नेताओं पर नक्सलियों को हीरो बताने का आरोप लगाया। उन्होंने झीरम घाटी हमले का जिक्र करते हुए कहा कि इस हमले में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं की जान गई थी।
उप मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी से सवाल किया कि क्या वे नक्सलवाद और झीरम घाटी जैसे संवेदनशील मुद्दों पर खुली बहस के लिए तैयार हैं? उन्होंने दोहराया कि वे किसी भी स्थान और मंच पर चर्चा करने के लिए तैयार हैं।


