नई दिल्ली, 16 नवम्बर। Chhath Mahaparv: चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन सोमवार, 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ हुआ। इस बीच भारत में चीन के दूतावास की प्रवक्ता यू जिंग का शुभकामना संदेश भी चर्चा में आ गया। उन्होंने भारत की छठ पूजा और चीन के सूर्य पर्व की तस्वीरें साझा करते हुए दोनों देशों की परंपराओं में सूर्य के प्रति सम्मान को रेखांकित किया।
छठ पूजा और चीन के सूर्य पर्व की तस्वीरें साझा कीं
यू जिंग ने रविवार, 15 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दो तस्वीरों का कोलाज साझा किया। एक तस्वीर में पहाड़ी पर बने गोलाकार स्मारक के ऊपर सूर्योदय का दृश्य दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरी तस्वीर में महिलाएं पारंपरिक परिधान में पानी में खड़े होकर सूर्यदेव की उपासना करती नजर आ रही हैं।
छठ घाट की तस्वीर में व्रती महिलाएं हाथ जोड़कर सूर्य को नमन कर रही हैं। उनके सामने फलों और दीयों से सजे सूप रखे हुए हैं।
यू जिंग ने अपनी पोस्ट में लिखा कि चीन के सूर्य पर्व से लेकर भारत की छठ पूजा तक, दोनों परंपराओं में सूर्य के प्रति सम्मान और आने वाले बेहतर दिनों की साझा उम्मीद दिखाई देती है। उन्होंने छठ महापर्व मना रहे सभी लोगों को शुभकामनाएं भी दीं।
उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने किया पारण
सोमवार सुबह पटना, दिल्ली और अयोध्या समेत देश के कई शहरों में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचे। व्रतियों ने उगते सूर्य को उषा अर्घ्य अर्पित किया। इससे पहले रविवार शाम को डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया गया था। सोमवार सुबह अर्घ्य के बाद व्रतियों ने पारण कर चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन किया।


