Acid Attack Case: एसिड अटैक के आरोपियों को फांसी की मांग… कोर्ट के गेट पर चढ़ी पीड़िता की बहन

Acid Attack Case: एसिड अटैक के आरोपियों को फांसी की मांग… कोर्ट के गेट पर चढ़ी पीड़िता की बहन

बालोद, 07 अक्टूबर। Acid Attack Case: छात्रा पर हुए एसिड अटैक के मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों को जिला न्यायालय में पेश किया गया। आरोपियों की पहचान नेवारीकला निवासी यश कुमार सोनकर (20) और बीजापुर जिले के भैरमगढ़ निवासी उसके दोस्त करण कुंजम के रूप में हुई है।

आरोपियों को पुलिस वाहन से न्यायालय ले जाया जा रहा था। इसी दौरान घड़ी चौक के पास बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और युवक-युवतियों ने पुलिस वाहन को घेर लिया। आक्रोशित लोगों ने आरोपियों को वाहन से बाहर निकालने की कोशिश की और उन पर कालिख फेंकी। भीड़ की ओर से जूते-चप्पल भी फेंके गए।

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाई और दोनों आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच न्यायालय परिसर तक पहुंचाया।

कोर्ट के बाहर भी जारी रहा विरोध

आरोपियों के न्यायालय पहुंचने के बाद भी युवाओं का आक्रोश शांत नहीं हुआ। बड़ी संख्या में कॉलेज छात्र-छात्राएं कोर्ट के बाहर जुटे रहे और करीब आधे घंटे तक विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान पीड़िता की बहन ने भी न्यायालय के गेट पर चढ़कर विरोध जताया और आरोपियों को फांसी देने की मांग की।

अधिवक्ताओं ने पैरवी से किया इनकार

मामले को लेकर अधिवक्ताओं में भी नाराजगी देखने को मिली। बार काउंसिल अध्यक्ष सुनील सोनी ने बताया कि दोनों आरोपियों की ओर से पैरवी करने के लिए किसी अधिवक्ता ने केस लेने से इनकार कर दिया है।

बार काउंसिल अध्यक्ष के मुताबिक, अधिवक्ताओं से चर्चा के बाद आरोपियों की ओर से पैरवी नहीं करने का निर्णय लिया गया है। वहीं, मामले में विधिक सेवा से जुड़े वकील से भी आरोपियों की पैरवी नहीं करने का अनुरोध किए जाने की बात सामने आई है।

राज्य खबर