Agra-Aligarh Highway Accident: डंपर-कंटेनर की जोरदार टक्कर… आग लगने से दो की मौत!

Agra-Aligarh Highway Accident: डंपर-कंटेनर की जोरदार टक्कर… आग लगने से दो की मौत!

आगरा, 03 अक्टूबर। Agra-Aligarh Highway Accident: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के खंदौली में अलीगढ़ हाईवे पर सुबह डंपर और कंटेनर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई, जिसमें डंपर चालक और क्लीनर की जलकर मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही आगरा और हाथरस पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभाली और दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय कोहरा होने के कारण दृश्यता कम थी। इसी दौरान अलीगढ़ से आगरा की ओर जा रहे डंपर की सामने से आ रहे कंटेनर से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई।

बताया गया कि डंपर के पीछे बाइक से आ रहे दो युवक भी हादसे की चपेट में आ गए। दोनों बाइक समेत सड़क किनारे पहुंच गए। वहीं कंटेनर चालक कूदकर बाहर निकलने में कामयाब रहा, लेकिन डंपर चालक और क्लीनर आग में फंस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

हादसे में घायल बाइक सवारों की पहचान सुमित सिंह और सीटू, निवासी नगला जालिम, खंदौली के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

Breaking News