Agriculture Training: 27 जिलों में कृषि कौशल विकास को बढ़ावा… प्रशिक्षकों को मिलेगी ट्रेनिंग

Agriculture Training: 27 जिलों में कृषि कौशल विकास को बढ़ावा… प्रशिक्षकों को मिलेगी ट्रेनिंग

रायपुर, 12 सितम्बर। Agriculture Training: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘कौशल भारत, आत्मनिर्भर भारत और कौशल आधारित रोजगार’ के विजन तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के ग्रामीण युवाओं, महिलाओं और किसानों को कौशल विकास, स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने की दिशा में पहल की जा रही है। इसी क्रम में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर द्वारा प्रदेश के कृषि विज्ञान केंद्रों के माध्यम से कौशल विकास को मजबूत किया जा रहा है।

कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी मंत्री रामविचार नेताम की प्रेरणा से इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में ‘प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण एवं प्रमाणन कार्यक्रम’ आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 8 से 12 सितंबर 2026 तक दो बैचों में कृषि कौशल परिषद, भारत के सहयोग से चल रहा है।

कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल के मुख्य आतिथ्य और निदेशक विस्तार सेवाएं डॉ. एस.एस. टुटेजा की अध्यक्षता में हुआ। प्रथम बैच में 41 प्रतिभागियों ने 8 से 10 सितंबर तक प्रशिक्षण एवं प्रमाणन प्रक्रिया में हिस्सा लिया। इसमें दो दिन का प्रशिक्षण और तीसरे दिन मूल्यांकन, परीक्षा एवं मौखिक परीक्षा आयोजित की गई। वहीं, दूसरा बैच 10 से 12 सितंबर तक 42 प्रतिभागियों के साथ संचालित हो रहा है।

दोनों बैचों में विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित सभी 27 कृषि विज्ञान केंद्रों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया है। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को कौशल पारिस्थितिकी तंत्र, योग्यता पैक, राष्ट्रीय व्यावसायिक मानक, प्रशिक्षक दक्षता, वयस्क अधिगम, प्रशिक्षण प्रक्रिया और मूल्यांकन से जुड़ी जानकारी दी जा रही है।

इसके साथ ही प्रतिभागियों को स्थानीय जरूरतों और उनकी विशेषज्ञता के अनुसार विभिन्न रोजगारपरक क्षेत्रों के लिए तैयार किया जा रहा है। इनमें मशरूम उत्पादन, जैविक फसल उत्पादन, गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन, सब्जी उत्पादन, मधुमक्खी पालन, वर्मी कम्पोस्ट, नर्सरी, कृषि मशीनरी, सूक्ष्म सिंचाई, मत्स्य पालन और मुर्गी पालन जैसे क्षेत्र शामिल हैं। इस पहल का उद्देश्य कृषि क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने के साथ ग्रामीण युवाओं, महिलाओं और किसानों के लिए कौशल आधारित रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना है।

राज्य खबर