अंबिकापुर, 16 अक्टूबर। Ambikapur: शहर के नावापारा स्थित आकाशवाणी रोड पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब उर्दूलाइन स्कूल के पास संचालित हॉस्टल में रहने वाली कक्षा 12वीं की छात्रा दो मंजिला इमारत की छत पर पहुंच गई। छात्रा के नीचे कूदने की धमकी देने से मौके पर तनाव बढ़ गया। करीब दो घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद रोशन ठाकुर ने उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।
छत पर छात्रा को समझाने की कोशिश
जानकारी के अनुसार, छात्रा अचानक हॉस्टल की छत पर पहुंच गई और रेलिंग पर चलते हुए नीचे कूदने की बात कहने लगी। शिक्षकों और आसपास मौजूद लोगों ने उसे समझाकर नीचे लाने का प्रयास किया, लेकिन वह तैयार नहीं हुई। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे आकाशवाणी रोड पर यातायात भी प्रभावित हुआ।
पुलिस और शिक्षा विभाग की टीम पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर पुलिस की टीम एसआई दिलीप दुबे के साथ मौके पर पहुंची। जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। इस दौरान छात्रा को सुरक्षित नीचे लाने के प्रयास किए जाते रहे।
युवक की पहल से सुरक्षित बची छात्रा
इसी बीच रोशन ठाकुर पाइप के सहारे छत तक पहुंचा और छात्रा को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसके बाद उसे हॉस्टल के शिक्षकों के सुपुर्द कर दिया गया। युवक की तत्परता से स्थिति संभल गई और एक संभावित हादसा टल गया।
छात्रा की परेशानी जानना जरूरी
बताया जा रहा है कि छात्रा जशपुर जिले के कांसाबेल की रहने वाली है। उसने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। ऐसे में छात्रा से संवेदनशीलता के साथ बातचीत और काउंसलिंग कर उसकी परेशानी समझना महत्वपूर्ण होगा, ताकि उसे जरूरी सहयोग मिल सके।


