रायपुर, 25 सितम्बर। Angan Milan Seva: छत्तीसगढ़ के आंगनबाड़ी केंद्रों में आज यानी 25 सितंबर से ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम की शुरुआत हो रही है। प्रदेशभर में यह अभियान 6 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में विभिन्न गतिविधियों और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम के तहत माताओं और बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य और महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही ‘मेरी पौष्टिक थाली’ और पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन भी किया जाएगा, ताकि परिवारों को संतुलित और पोषणयुक्त आहार के प्रति जागरूक किया जा सके।
प्रदेश के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम का आयोजन सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर जागरूकता बढ़ाना है।


