Antagarh River Incident: नदी में बेसुध पड़ा था युवक… लोगों ने समझा डूबकर हुई मौत

Antagarh River Incident: नदी में बेसुध पड़ा था युवक… लोगों ने समझा डूबकर हुई मौत

अंतागढ़, 18 सितम्बर। Antagarh River Incident: नगर के बड़े पुल के पास गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब नदी में एक युवक काफी देर तक बेसुध अवस्था में पड़ा दिखाई दिया। युवक की हालत देखकर लोगों को लगा कि उसकी डूबने से मौत हो गई है। देखते ही देखते नदी किनारे भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को नदी से बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू शुरू किया। इसी दौरान अचानक युवक के शरीर में हलचल हुई। पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे पानी से बाहर निकाला। जांच में पता चला कि युवक जिंदा है और शराब के नशे में नदी में बेसुध पड़ा था।

युवक की पहचान रामसाय यादव (लगभग 27 वर्ष), निवासी ग्राम सुरवाही के रूप में हुई है। वह अंतागढ़ के एक व्यापारी के यहां ट्रक चालक के तौर पर काम करता है।

विश्वकर्मा जयंती पर बंद था काम, शराब पीकर नदी में उतरा

जानकारी के अनुसार, विश्वकर्मा जयंती के कारण ट्रक का काम बंद था। इसी दौरान रामसाय ने शराब का सेवन किया और नहाने के लिए नदी में उतर गया। नशा अधिक होने के कारण वह नदी में ही बेसुध होकर सो गया।

बताया गया कि जिस जगह युवक पड़ा था, वहां पानी की गहराई इतनी थी कि उसका चेहरा पानी से बाहर था, जबकि शरीर का अधिकांश हिस्सा पानी में था। वह करीब एक घंटे तक इसी हालत में पड़ा रहा। दूर से देखने पर लोगों को लगा कि युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई है।

युवक के जीवित मिलने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस उसे थाने ले गई और बाद में समझाइश देकर छोड़ दिया। घटना के दौरान नदी किनारे काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही और युवक के जिंदा मिलने की बात चर्चा का विषय बनी रही।

Breaking News