बिलासपुर, 22 सितंबर। Aroma Cafe Fire Incident: बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित अरोमा कैफे में मंगलवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने कैफे के अंदर रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे काफी सामान जलकर खाक हो गया।
आग की लपटें और धुआं उठता देखकर आसपास के लोगों में भी हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया और उसे आसपास फैलने से रोक लिया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
आगजनी की इस घटना में कैफे के अंदर रखा काफी सामान जलने से नुकसान होने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस और संबंधित टीमें मामले की जांच कर रही हैं और आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।


