रायपुर, 18 जुलाई। Assistant Commandant Recruitment Examination: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की ओर से आयोजित सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स (CAPF) सहायक कमांडेंट भर्ती परीक्षा 19 जुलाई को रायपुर में आयोजित होगी। परीक्षा जिले के 4 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में संपन्न कराई जाएगी। इस भर्ती परीक्षा में कुल 1704 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने परीक्षा तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली, बैठने की व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें और UPSC के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाए।

प्रशासन ने सुरक्षा और पारदर्शिता को देखते हुए प्रत्येक अभ्यर्थी के लिए प्रवेश से पहले फ्रिस्किंग और फेस ऑथेंटिकेशन अनिवार्य किया है। वहीं, परीक्षा की गोपनीय सामग्री का वितरण 19 जुलाई को जिला कोषालय से किया जाएगा।
परीक्षा संचालन के लिए डिप्टी कलेक्टर नवीन ठाकुर को को-ऑर्डिनेटिंग सुपरवाइजर, डिप्टी कलेकटर उत्तम प्रसाद रजक को सहायक को-ऑर्डिनेटिंग सुपरवाइजर तथा रोजगार अधिकारी केदारनाथ पटेल को कंट्रोल रूम प्रभारी नियुक्त किया गया है।
अभ्यर्थियों के लिए जरूरी सूचना
प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे पहली पाली के लिए सुबह 9:30 बजे और दूसरी पाली के लिए दोपहर 1:30 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंच जाएं, ताकि फ्रिस्किंग, फेस ऑथेंटिकेशन और अन्य औपचारिकताएं समय पर पूरी हो सकें और किसी प्रकार की असुविधा न हो।


