Bastar Development: बस्तर के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में बड़ा बदलाव संभव…सीएम साय ने शिवराज से की मुलाकात

Bastar Development: बस्तर के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में बड़ा बदलाव संभव…सीएम साय ने शिवराज से की मुलाकात

नई दिल्ली, 1 अगस्त। Bastar Development: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर बस्तर संभाग के दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों तक सड़क संपर्क मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में विशेष प्रावधान करने का आग्रह किया। बैठक में गृह मंत्री विजय शर्मा, ग्रामीण विकास मंत्रालय के सचिव और मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बस्तर के कई गांव घने जंगलों, पहाड़ी क्षेत्रों और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में बसे हैं। वर्तमान में पीएमजीएसवाई के तहत केवल 500 मीटर की परिधि में स्थित बसाहटों को एक क्लस्टर माना जाता है, जिसके कारण अनेक छोटे और दूरस्थ गांव सड़क सुविधा से वंचित रह जाते हैं।

उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि अरुणाचल प्रदेश की तर्ज पर बस्तर में भी 10 किलोमीटर की परिधि में स्थित बसाहटों को एक क्लस्टर मानने की विशेष अनुमति दी जाए। इससे अधिक से अधिक गांवों को सड़क संपर्क से जोड़ा जा सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर अब नक्सलवाद के दौर से निकलकर विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। ऐसे में बेहतर सड़क संपर्क शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार और सरकारी योजनाओं तक लोगों की पहुंच सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि विकास, सुरक्षा और समृद्धि की आधारशिला हैं।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री के प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार बस्तर जैसे दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है और राज्य सरकार के प्रस्ताव पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री ने छत्तीसगढ़ सरकार के ग्रामीण विकास कार्यों की सराहना करते हुए जीरामजी योजना के तहत मुक्तिधाम और शौचालय निर्माण की प्रशंसा की। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के बेहतर क्रियान्वयन का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में प्रतिदिन करीब 1,500 आवासों का निर्माण एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य के समन्वित प्रयासों से बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में विकास कार्यों को और गति मिलेगी।

राज्य खबर