बस्तर, 07 नवम्बर। Bastar Olympics 2026: बस्तर ओलंपिक के तीसरे संस्करण को लेकर संभाग में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इस बार प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए 6 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। खास बात यह है कि खेल के मैदान में उतरने के लिए महिलाओं ने पुरुषों को पीछे छोड़ दिया है। पंजीकृत खिलाड़ियों में महिलाओं की संख्या पुरुषों से काफी अधिक है।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के मुताबिक, प्रतियोगिता के लिए कुल 6 लाख 1 हजार 492 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। इनमें 3 लाख 83 हजार 94 महिला और 2 लाख 18 हजार 398 पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं। आंकड़े बताते हैं कि इस बार बस्तर ओलंपिक में महिला खिलाड़ियों की भागीदारी सबसे अधिक है।
कांकेर पंजीयन में सबसे आगे
जिलावार आंकड़ों पर नजर डालें तो कांकेर 1 लाख 23 हजार 216 पंजीयन के साथ पहले स्थान पर है। वहीं बस्तर जिले से 1 लाख 4 हजार 841, कोंडागांव से 85 हजार 584, सुकमा से 80 हजार 313, दंतेवाड़ा से 80 हजार 175, नारायणपुर से 63 हजार 506 और बीजापुर से 62 हजार 857 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है।
11 खेलों में दिखेगा खिलाड़ियों का दम
बस्तर ओलंपिक में इस बार 11 खेलों को शामिल किया गया है। इनमें एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, वेटलिफ्टिंग, कराते, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल और रस्साकशी शामिल हैं। प्रतियोगिताएं विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर आयोजित की जाएंगी। संभाग स्तरीय मुकाबले 7 से 11 दिसंबर तक प्रस्तावित हैं।
दिव्यांग और आत्मसमर्पित नक्सलियों को भी मिलेगा मौका
इस आयोजन की एक खास पहल यह है कि नक्सल हिंसा में दिव्यांग हुए खिलाड़ियों और आत्मसमर्पित नक्सलियों को सीधे संभाग स्तर पर प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा। इसके जरिए खेलों को बढ़ावा देने के साथ समाज के हर वर्ग को खेल से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।


