Bastar Tiranga Yatra: मां दंतेश्वरी के दर्शन के बाद शुरू हुआ तिरंगा यात्रा का दूसरा दिन

Bastar Tiranga Yatra: मां दंतेश्वरी के दर्शन के बाद शुरू हुआ तिरंगा यात्रा का दूसरा दिन

दंतेवाड़ा, 13 अगस्त। Bastar Tiranga Yatra: बस्तर में शांति, समृद्धि और राष्ट्रभक्ति का संदेश लेकर निकली ‘बस्तर तिरंगा यात्रा’ के दूसरे दिन की शुरुआत मां दंतेश्वरी के दर्शन और आशीर्वाद के साथ हुई। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दंतेश्वरी मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

मंदिर में दर्शन के बाद तिरंगे के सम्मान और राष्ट्र की एकता का संकल्प लेकर विशाल बाइक यात्रा आगे बढ़ी। मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मां दंतेश्वरी की पावन धरती से तिरंगा यात्रा का सुकमा और बीजापुर की ओर बढ़ना गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा उन इलाकों तक पहुंच रही है, जो कभी नक्सल हिंसा से प्रभावित रहे हैं। यहां यात्रा के माध्यम से विकास, विश्वास और सुरक्षा का संदेश दिया जा रहा है।

संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरेगी यात्रा

दूसरे दिन तिरंगा यात्रा दंतेवाड़ा से शुरू होकर कुआकोंडा, भूसारास घाटी, चिंगावरम, सुकमा, दोरनापाल, ताड़मेटला, चिंतलनार, जगरगुंडा, सिलगेर और टेकलगुड़ेम जैसे संवेदनशील क्षेत्रों से होकर बीजापुर पहुंचेगी।

यात्रा के दौरान अलग-अलग स्थानों पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी जा रही है। साथ ही स्थानीय ग्रामीणों और युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने का संदेश दिया जा रहा है।

दूसरे दिन की यात्रा का रात्रि विश्राम बीजापुर में होगा। इसके बाद तिरंगा यात्रा अपने अंतिम पड़ाव की ओर रवाना होगी। यात्रा के जरिए बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में शांति, विकास, सुरक्षा और राष्ट्रभक्ति का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

राज्य खबर