Bhilai Fire News: भिलाई के जगदंबा फोम गोदाम में भीषण आग… लाखों का सामान जलकर राख

Bhilai Fire News: भिलाई के जगदंबा फोम गोदाम में भीषण आग… लाखों का सामान जलकर राख

भिलाई, 06 नवम्बर। Bhilai Fire News: भिलाई के छावनी चौक स्थित जगदंबा फोम के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से गोदाम में रखे सोफे, गद्दे, फोम समेत लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, गोदाम में लगी आग तेजी से फैलने लगी और देखते ही देखते अंदर रखा सामान इसकी चपेट में आ गया। आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके के लिए रवाना की गईं। दमकलकर्मियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर आग बुझाने का मोर्चा संभाला और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।

वहीं, सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस की टीम भी मौके पर तैनात रही। पुलिसकर्मियों ने आसपास जमा भीड़ को नियंत्रित किया। प्रशासनिक अधिकारी भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल आग बुझाने का काम जारी है।

आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। वहीं, घटना में हुए नुकसान का आधिकारिक आकलन भी बाकी है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद प्रशासन द्वारा जांच की जाएगी, जिसके बाद नुकसान और आग लगने के कारणों की जानकारी सामने आएगी।

Breaking News