भोपाल, 08 सितम्बर। Bhopal Intern Doctors Protest: राजधानी भोपाल के गांधी मेडिकल कॉलेज से जुड़े हमीदिया अस्पताल के इंटर्न डॉक्टरों ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। आज डॉक्टरों ने ओपीडी बंद रखने का ऐलान किया है। उनका कहना है कि यह आंदोलन प्रदेश के अन्य सरकारी मेडिकल कॉलेजों से जुड़े अस्पतालों में भी असर डाल सकता है।
इंटर्न डॉक्टरों ने पहले हमीदिया अस्पताल परिसर में प्रदर्शन किया और इसके बाद मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने के लिए सीएम हाउस की ओर मार्च किया। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारी डॉक्टरों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। डॉक्टरों ने पुलिस पर बल प्रयोग और मारपीट का आरोप लगाया है।
पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद डॉक्टर कमला पार्क की सड़क पर धरने पर बैठ गए, जिससे इलाके में यातायात प्रभावित हुआ। पॉलीटेक्निक चौराहे से हमीदिया रोड की ओर जाने वाले मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
इंटर्न डॉक्टरों के मुताबिक वर्तमान में उन्हें 14,337 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड मिल रहा है। उनकी मांग है कि इसे बढ़ाकर कम से कम 25 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए। डॉक्टरों का कहना है कि सरकार पहले स्टाइपेंड बढ़ाने का भरोसा दे चुकी है, लेकिन अब तक इस पर फैसला नहीं हुआ।
डॉक्टरों ने दावा किया कि मध्यप्रदेश में इंटर्न को मिलने वाला स्टाइपेंड देश के कई राज्यों की तुलना में कम है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में इंटर्न डॉक्टरों का स्टाइपेंड बढ़ाकर 25 हजार रुपये किया जा चुका है।
कलेक्टर ने भी की समझाइश
देर रात तक कमला पार्क में इंटर्न डॉक्टरों का धरना जारी रहा। भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा भी प्रदर्शनकारी मेडिकल छात्रों से मिलने पहुंचे और उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन डॉक्टर अपनी मांगों पर अड़े रहे।


