बिलासपुर, 06 अगस्त। Bilaspur Crime News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नाबालिग को जान से मारने की धमकी देकर 450 ग्राम सोने के जेवर और 14.50 लाख रुपये हड़पने के चर्चित मामले में सरकंडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अवैध तरीके से कम कीमत पर सोना खरीदने वाले दो ज्वेलरी कारोबारियों समेत पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के साथ अब तक एक महिला सहित कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
जांच के दौरान पुलिस ने पहले आयुष यादव, आदर्श शर्मा, प्रिंस साहू और आदित्य पांडे को गिरफ्तार किया। पूछताछ में प्रियम शर्मा, आकाश झा, शौर्य करोलिया, राजेश सोनी उर्फ राजू और खुशबू बुधिया के नाम सामने आए। इसके बाद लगातार 72 घंटे तक चली छापेमारी में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि धमकी देकर हासिल किए गए सोने के जेवर बेहद कम कीमत पर ज्वेलरी कारोबारियों को बेच दिए गए थे। आरोपियों के कब्जे से अब तक करीब 170 ग्राम सोना और नकदी बरामद की गई है, जबकि शेष सोने की तलाश जारी है।
गिरफ्तार महिला खुशबू बुधिया पर पहले भी चोरी के जेवर खरीदने के आरोप लग चुके हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने करीब 15 तोला सोना मात्र तीन लाख रुपये में बेच दिया था और मिली रकम को घूमने-फिरने और अन्य खर्चों में उड़ा दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। आशंका है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य खरीदारों और कारोबारियों के नाम भी सामने आ सकते हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।


