Bilaspur Delhi Flight: हवा में बंद हुआ फ्लाइट का इंजन… दिल्ली में हुई इमरजेंसी लैंडिंग

Bilaspur Delhi Flight: हवा में बंद हुआ फ्लाइट का इंजन… दिल्ली में हुई इमरजेंसी लैंडिंग

बिलासपुर, 12 सितम्बर।Bilaspur Delhi Flight: बिलासपुर से प्रयागराज होते हुए दिल्ली जा रही अलायंस एयर की फ्लाइट में उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आ गई। फ्लाइट नंबर 9I 698 जब मेरठ के पास पहुंची, तब पायलट को विमान के एक इंजन में समस्या का पता चला।

पायलट ने तुरंत दिल्ली एयर ट्रैफिक कंट्रोल को इसकी जानकारी दी और विमान की आपात लैंडिंग की अनुमति मांगी। सूचना मिलते ही दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित कर दी गई। रनवे पर दमकल, एंबुलेंस और अन्य जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए गए।

करीब दोपहर 2:15 बजे विमान को दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया। विमान में क्रू मेंबर्स समेत कुल 40 लोग सवार थे और सभी सुरक्षित हैं।

यात्रियों के मुताबिक, दिल्ली में लैंडिंग से करीब 30 मिनट पहले विमान का बायां इंजन बंद हो गया था। इससे यात्रियों में डर का माहौल बन गया, लेकिन पायलट की सूझबूझ और सतर्कता से विमान को सुरक्षित दिल्ली एयरपोर्ट पर उतार लिया गया।

15 दिन में अलायंस एयर की दूसरी घटना

यह घटना इसलिए भी अहम है क्योंकि करीब 15 दिनों के भीतर अलायंस एयर की फ्लाइट से जुड़ी यह दूसरी गंभीर घटना है। इससे पहले 28 अगस्त को बिलासपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान अलायंस एयर के विमान का बायां टायर फट गया था।

लगातार दो घटनाओं के बाद विमान की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मौजूदा घटना को लेकर DGCA ने जांच के आदेश दिए हैं।

राज्य खबर