बिलासपुर, 29 अगस्त। Bilaspur News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सोशल मीडिया पर कथित हिंदू विरोधी टिप्पणी को लेकर शुक्रवार देर रात विवाद बढ़ गया। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज इलाके में देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। इसके बाद पथराव, गाड़ियों में तोड़फोड़ और आसपास की दुकानों व घरों में नुकसान की घटनाएं सामने आईं।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। पथराव के दौरान तारबाहर थाना प्रभारी रवि तिवारी समेत कई पुलिसकर्मी और अन्य लोग घायल हुए। सिविल ड्रेस में मौके पर पहुंचे सीएसपी गगन कुमार के साथ भी धक्का-मुक्की की जानकारी सामने आई है।
थाने में घुसी भीड़, जमकर हंगामा
तनाव बढ़ने के बाद भीड़ सिटी कोतवाली थाने तक पहुंच गई। यहां लोगों ने हंगामा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने स्थिति संभालने के लिए अतिरिक्त बल बुलाया।
जांजगीर-चांपा, मुंगेली और सीएएफ से अतिरिक्त जवानों को मौके पर भेजा गया। करीब 400 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई।
हेलमेट पहनकर सड़क पर उतरे कलेक्टर-एसएसपी
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह भी मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने हेलमेट पहनकर पुलिस बल के साथ इलाके में पैदल मार्च किया। पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाकर भीड़ को तितर-बितर किया।
सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर हुई। इसके बाद एक पक्ष के लोग खपरगंज इलाके में पहुंचे, जहां कहासुनी और मारपीट के बाद विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों की भीड़ जुट गई और पथराव शुरू हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुरुआती विवाद की सूचना मिलने के बाद पुलिस पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची थी। हालांकि, स्थिति बिगड़ने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में भी पथराव और झड़प की स्थिति बनी रही।
आंसू गैस और लाठीचार्ज के बाद संभली स्थिति
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले समझाइश दी। स्थिति नहीं संभलने पर लाठीचार्ज किया गया और आंसू गैस के गोले छोड़े गए। इसके बावजूद कुछ समय तक भीड़ मौके पर डटी रही। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचने के बाद हालात पर काबू पाया गया।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में
घटना के बाद मसानगंज, खपरगंज और सिटी कोतवाली चौक समेत संवेदनशील इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। बैरिकेडिंग कर लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है।
कलेक्टर और एसएसपी ने कहा कि दोनों पक्षों से पथराव हुआ है और कुछ लोग घायल हुए हैं। स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि घटना में शामिल दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लोगों से सोशल मीडिया पर अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की गई है।


