बिलासपुर, 09 अक्टूबर। Bilaspur Viral Video: गरबा की वेशभूषा में सिगरेट पीने और पिस्टल जैसी वस्तु दिखाने वाले वायरल वीडियो के मामले में बिलासपुर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही, सभी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 8 अक्टूबर को एक शिकायतकर्ता ने सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि एक महिला और उसके महिला-पुरुष सहयोगियों ने गरबा की वेशभूषा में सिगरेट पीते हुए और पिस्टल जैसी वस्तु हाथ में लेकर वीडियो बनाया। आरोप है कि इस वीडियो को गरबा टिकट और मेकअप के प्रचार के लिए इंस्टाग्राम और फेसबुक पर पोस्ट किया गया था।
शिकायतकर्ता ने आशंका जताई कि वीडियो में दिखाई गई गतिविधियां भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के विपरीत हैं और इनका युवाओं पर गलत प्रभाव पड़ सकता है।
BNS की धाराओं में मामला दर्ज
शिकायत और उपलब्ध वीडियो के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 1390/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 299 और 3(5) के तहत जांच शुरू की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें बाउंड ओवर कराने की प्रक्रिया भी की जा रही है।
सोशल मीडिया यूजर्स को पुलिस की चेतावनी
बिलासपुर पुलिस ने कहा है कि लाइक, व्यूज या प्रचार पाने के लिए धार्मिक प्रतीकों और सांस्कृतिक परंपराओं का आपत्तिजनक इस्तेमाल करने या हथियार जैसी वस्तुएं दिखाने पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने और किसी भी आपत्तिजनक सामग्री को बिना सत्यापन के आगे साझा नहीं करने की अपील की है।


