नई दिल्ली, 02 अक्टूबर। Captain Smit: फ्लाईदुबई की FZ1073 फ्लाइट के कॉकपिट में हुए हमले में घायल भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉल के जरिए बातचीत की। करीब नौ मिनट की बातचीत में पीएम मोदी ने उनकी बहादुरी की सराहना की और जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित ने घटना के दौरान अपने अनुभव प्रधानमंत्री के साथ साझा किए। उन्होंने बताया कि मुश्किल हालात में वह हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे थे, जिससे उन्हें हिम्मत मिलती रही। इस दौरान वह भावुक भी हो गए।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पूरा देश कैप्टन स्मित के जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना कर रहा है। उन्होंने कहा कि स्मित के साहस, सूझ-बूझ और संयम ने कई लोगों की जान बचाने में मदद की।
पीएम मोदी ने मां की परवरिश को भी सराहा
बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने कैप्टन स्मित की मां गीताबेन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि स्मित की परवरिश भगवद्गीता के मूल्यों और शिक्षाओं के साथ हुई है और इसके लिए उनकी मां को श्रेय दिया।
कैप्टन स्मित ने प्रधानमंत्री से हुई बातचीत को अपने लिए बेहद गर्व का क्षण बताया। इससे पहले पीएम मोदी ने उनके माता-पिता और पत्नी से भी बात कर हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया था।
हमले के बाद कराई गई थी इमरजेंसी लैंडिंग
कैप्टन स्मित फ्लाईदुबई की FZ1073 फ्लाइट के पायलट थे, जो दुबई से तेल अवीव जा रही थी। उड़ान के दौरान को-पायलट द्वारा कथित हमले के बाद कॉकपिट में संघर्ष की स्थिति बनी। इस दौरान विमान तेजी से नीचे आया और कैप्टन स्मित गंभीर रूप से घायल हो गए।
रिपोर्टों के अनुसार, घायल होने के बावजूद उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की। इसके बाद क्रू और यात्रियों ने हमलावर को काबू करने में मदद की। विमान की बाद में सऊदी अरब के तबुक में आपात लैंडिंग कराई गई।
गुजरात सरकार देगी सम्मान
कैप्टन स्मित मच्छार के साहस को देखते हुए गुजरात सरकार ने उन्हें ‘विशिष्ट गुजरात गरिमा पुरस्कार’ देने का ऐलान किया है। घटना के बाद उनके साहस की कई अंतरराष्ट्रीय नेताओं ने भी सराहना की है।


