रायपुर, 13 अक्टूबर। CG: छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का वॉट्सऐप अकाउंट हैक होने का मामला सामने आया है। ठग उनके नाम से लोगों को मैसेज भेजकर 32 हजार रुपए की मांग कर रहे हैं। वहीं, उनके निजी सहायक (PA) ओमप्रकाश राजवाड़े का वॉट्सऐप अकाउंट भी हैक कर 52 हजार रुपए मांगे जा रहे हैं। दोनों मामलों में ठगों ने UPI ब्लॉक होने का हवाला देकर ऑनलाइन पैसे भेजने को कहा है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के एक परिचित ने उन्हें फोन कर बताया कि उनके नाम से वॉट्सऐप पर मैसेज भेजकर पैसों की मांग की जा रही है। कुछ समय बाद उनके PA ओमप्रकाश राजवाड़े को भी इस तरह की शिकायत मिली। ठग मदद के नाम पर लोगों से पैसे मांग रहे हैं और ऑनलाइन भुगतान करने के लिए कह रहे हैं।
मंत्री ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
वॉट्सऐप अकाउंट हैक होने की जानकारी मिलने के बाद मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बयान जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनके नाम से आने वाले किसी भी संदिग्ध मैसेज पर भरोसा न करें। साथ ही, किसी भी बारकोड को स्कैन कर पैसे न भेजें और बिना पुष्टि किए कोई ऑनलाइन भुगतान न करें।
मामले की सूचना साइबर थाना पुलिस को दे दी गई है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
छत्तीसगढ़ में जनप्रतिनिधियों के वॉट्सऐप अकाउंट हैक कर ठगी की कोशिश के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। कांग्रेस की राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम और विधायक तुलेश्वर मरकाम के वॉट्सऐप अकाउंट हैक कर उनके परिचितों से पैसों की मांग की गई थी। इसके अलावा, पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह और छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सलीम राज का वॉट्सऐप अकाउंट भी हैक होने के मामले सामने आ चुके हैं।


