रायपुर, 26 अक्टूबर। CG BJP Meeting: छत्तीसगढ़ में बीजेपी की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के दो दिवसीय दौरे के बीच पार्टी संगठन में हलचल तेज हो गई है। 25 और 26 अक्टूबर को रायपुर पहुंचीं स्मृति ईरानी ने अपने स्वागत में पोस्टर नहीं लगाने के निर्देश दिए। वहीं, युवा मोर्चा की प्रस्तावित बड़ी रैली भी रद्द कर दी गई।
9 घंटे तक चली मैराथन बैठक
बीजेपी प्रदेश कार्यालय में स्मृति ईरानी ने करीब 9 घंटे तक पार्टी नेताओं के साथ बैठकें कीं। इनमें प्रदेश पदाधिकारी, महामंत्री, संभाग और जिला प्रभारी, पूर्व सांसद-विधायक तथा निगम-मंडल और बोर्ड-आयोगों के अध्यक्ष शामिल हुए।
बैठकों में वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई। जानकारी के मुताबिक, स्मृति ईरानी ने पूर्व सांसदों और विधायकों से पूछा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी दोबारा सरकार बनाने के लिए क्या रणनीति अपनाए। सूत्रों के अनुसार, इस दौरान कुछ मंत्रियों के कामकाज को लेकर शिकायतें भी सामने रखी गईं।
संगठन और सरकार के बीच तालमेल पर जोर
स्मृति ईरानी ने पार्टी नेताओं को एकजुट होकर काम करने और सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और सरकार व संगठन के बीच बेहतर समन्वय बनाने पर जोर दिया।
सीएम साय से मुलाकात, अभनपुर में सुना ‘मन की बात’
बैठकों से पहले स्मृति ईरानी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की। इसके बाद वह अभनपुर पहुंचीं, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी मौजूद रहे।


