रायपुर, 4 अगस्त। CG Crime News: राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित WRS कॉलोनी के तालाब में मंगलवार को एक अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की उम्र करीब 24 से 25 वर्ष बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से युवती का मोबाइल फोन बरामद हुआ है। मोबाइल के आधार पर उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की जानकारी मिलते ही डीसीपी नॉर्थ, एसीपी उरला, एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम और क्राइम ब्रांच के अधिकारी घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस हत्या, हादसा और आत्महत्या तीनों संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।


