सक्ती, 29 अक्टूबर । CG Fake Currency Case: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में पुलिस ने नकली नोट छापने के कथित मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हसौद थाना क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17 हजार 500 रुपये के जाली नोट, कलर प्रिंटर और नोट छापने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की है।
17,500 रुपये के नकली नोट जब्त
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार दोनों आरोपी पड़ोसी जिले सारंगढ़-बिलाईगढ़ के कोसीर गांव के रहने वाले हैं। उनके पास से 500 और 100 रुपये के नकली नोट मिले हैं। पुलिस ने छापेमारी के दौरान कलर प्रिंटर सहित अन्य सामग्री भी जब्त की है, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर नकली नोट तैयार करने में किया जा रहा था।
बाजार में नकली नोट चलाने की थी तैयारी
प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी प्रिंटर की मदद से नकली नोट तैयार कर रहे थे। इन नोटों को स्थानीय बाजारों में खपाने की योजना होने की बात सामने आई है। हालांकि, नकली नोटों का इस्तेमाल पहले कहीं किया गया है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।
अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजे जाने की जानकारी दी है। अब जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि नकली नोट छापने का काम कब से चल रहा था और इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।


