रायपुर, 28 अक्टूबर। CG Heavy Rain Alert: छत्तीसगढ़ में चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। 28 अक्टूबर को दंतेवाड़ा, बीजापुर, बालोद, कांकेर, राजनांदगांव और धमतरी में शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।
50 से 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
मौसम विभाग के अलर्ट के अनुसार, कुछ इलाकों में 50 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। इसके साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है। खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन सतर्क है।
प्रशासन ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति पर नजर रखने और जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है। लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान बिना जरूरी काम घर से बाहर न निकलें और तेज हवाओं, बारिश तथा बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहें।
मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों को प्रशासन और मौसम विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।


