CG Liquor Shop Protest: बीजापुर में शराब दुकान के खिलाफ प्रदर्शन

CG Liquor Shop Protest: बीजापुर में शराब दुकान के खिलाफ प्रदर्शन

बीजापुर, 07 अगस्त। CG Liquor Shop Protest: जिले के भोपालपट्टनम ब्लॉक के संगमपल्ली गांव में प्रस्तावित सरकारी शराब दुकान के विरोध में ग्रामीणों का आक्रोश शुक्रवार को खुलकर सामने आया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं सड़क पर उतर आए और सरकार के फैसले के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए शराब दुकान खोलने का निर्णय तत्काल वापस लेने की मांग की।

प्रदर्शन में क्षेत्रीय विधायक विक्रम मंडावी भी शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि गांव की जनता की इच्छा के विरुद्ध शराब दुकान नहीं खोली जानी चाहिए।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में शराब दुकान खुलने से सामाजिक माहौल खराब होगा, महिलाओं की सुरक्षा प्रभावित होगी और युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ेगी। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कहा कि वे किसी भी कीमत पर गांव में शराब दुकान नहीं खुलने देंगी।

ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रस्तावित शराब दुकान का निर्णय तत्काल निरस्त करने की मांग की। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने फैसला वापस नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

राज्य खबर