रायपुर, 24 अक्टूबर । CG Mahila Congress: मतदाता अधिकारों के मुद्दे पर छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस दिल्ली में अपनी आवाज बुलंद करेगी। 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली वोटर अधिकार यात्रा में प्रदेश की महिला कांग्रेस प्रतिनिधि शामिल होंगी। इस दौरान संगठन की ओर से मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठाई जाएगी।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रायपुर स्थित राजीव भवन में महिला कांग्रेस की बैठक आयोजित की गई। प्रदेश अध्यक्ष एवं बालोद विधायक संगीता सिन्हा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर चर्चा की गई। साथ ही प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों और महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा एवं अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
31 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचेंगी महिला कांग्रेस की प्रतिनिधि
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, महिला कांग्रेस की प्रतिनिधि 31 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचेंगी। इस दौरान वे पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के श्रद्धांजलि स्थल पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करेंगी। इसके बाद 1 नवंबर को रामलीला मैदान में आयोजित वोटर अधिकार यात्रा में हिस्सा लेंगी।
महिला कांग्रेस का कहना है कि इस यात्रा के माध्यम से मतदाताओं के अधिकारों और लोकतंत्र की रक्षा से जुड़े मुद्दों को उठाया जाएगा। संगठन की पदाधिकारियों ने आम जनता के अधिकारों के लिए आवाज उठाने और सरकार की नीतियों के खिलाफ संघर्ष जारी रखने की बात कही।
बैठक में राष्ट्रीय समन्वयक प्रीति उपाध्याय, गंगा यादव, दीप्ति दुबे, अंजुमन ठेबर, डॉ. करुणा कुर्रे, सबा अली, संगीता दुबे और प्रगति बाजपेयी सहित प्रदेश की कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहीं।


