CG News: पुलिस भर्ती के 1,940 पदों पर नियुक्ति की मांग…गृह मंत्री के घर के बाहर अभ्यर्थियों का धरना

CG News: पुलिस भर्ती के 1,940 पदों पर नियुक्ति की मांग…गृह मंत्री के घर के बाहर अभ्यर्थियों का धरना

रायपुर, 24 अगस्त। CG News: छत्तीसगढ़ पुलिस भर्ती में रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन तेज हो गया है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी गृह मंत्री विजय शर्मा के आवास के बाहर पहुंचकर धरने पर बैठ गए हैं। प्रदर्शनकारी पहले से स्वीकृत लेकिन खाली पड़े पदों पर नियुक्ति देने की मांग कर रहे हैं।

1,940 रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग

अभ्यर्थियों के मुताबिक छत्तीसगढ़ पुलिस भर्ती में कुल 5,967 पद स्वीकृत हैं। इनमें से करीब 1,940 पद अभी भी रिक्त बताए जा रहे हैं। अभ्यर्थियों की मांग है कि इन खाली पदों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल कर पात्र उम्मीदवारों को नियुक्ति दी जाए।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उन्होंने भर्ती के लिए लंबे समय तक तैयारी की है और चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद रिक्त पदों पर नियुक्ति की उम्मीद है। उनका तर्क है कि जब विभाग में स्वीकृत पद खाली हैं, तो योग्य अभ्यर्थियों को इन पदों पर नियुक्ति का अवसर मिलना चाहिए।

रिक्त पदों की स्थिति स्पष्ट करने की मांग

अभ्यर्थियों ने सरकार से पुलिस विभाग में खाली पदों की संख्या और स्थिति सार्वजनिक करने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे भर्ती प्रक्रिया को लेकर उम्मीदवारों के बीच बनी असमंजस की स्थिति दूर होगी।

गृह मंत्री के आवास के बाहर डटे अभ्यर्थी

अपनी मांग सरकार तक पहुंचाने के लिए अभ्यर्थी गृह मंत्री विजय शर्मा के आवास के बाहर धरने पर बैठे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे किसी नई भर्ती की मांग नहीं कर रहे, बल्कि पहले से स्वीकृत और रिक्त पदों पर नियुक्ति चाहते हैं।

राज्य खबर