रायपुर, 23 अक्टूबर। CG News: छत्तीसगढ़ में सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के महंगाई भत्ते (DA) को लेकर एक बार फिर मांग तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने केंद्र सरकार के समान लंबित 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता दीपावली से पहले एरियर सहित जारी करने की मांग की है। इस संबंध में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी को पत्र भेजा गया है।
फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने राज्य सरकार से इस मामले में जल्द फैसला लेने का आग्रह किया है। संगठन के मुताबिक, प्रदेश के कर्मचारियों को फिलहाल 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा है, जबकि केंद्र सरकार की दर इससे 2 प्रतिशत अधिक है।
एरियर सहित भुगतान की मांग
फेडरेशन का कहना है कि बढ़ती महंगाई के कारण कर्मचारियों और पेंशनरों के सामने घरेलू खर्चों को पूरा करने की चुनौती बढ़ रही है। ऐसे में लंबित महंगाई भत्ते का भुगतान संबंधित देय तिथि से एरियर सहित किया जाना चाहिए, ताकि कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिल सके।
संगठन ने अपने पत्र में भाजपा के घोषणा पत्र का भी उल्लेख किया है। फेडरेशन के अनुसार, घोषणा पत्र में कर्मचारियों को केंद्र के समान महंगाई भत्ता एरियर सहित देने का वादा किया गया था। इसी आधार पर संगठन ने सरकार से जल्द निर्णय लेने की मांग की है।
मांग पूरी नहीं हुई तो मंत्रालय घेराव की चेतावनी
फेडरेशन के मुताबिक, 6 सितंबर को आयोजित प्रांतीय बैठक में दीपावली से पहले महंगाई भत्ते का एरियर जारी कराने के लिए सरकार को पत्र भेजने का निर्णय लिया गया था। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि मांग पर जल्द सकारात्मक फैसला नहीं हुआ, तो मंत्रालय घेराव जैसे आंदोलनात्मक कदम उठाए जा सकते हैं।


